मोस्ट वॉन्टेड मानव तस्कर तक पहुंचने की कहानी
पूर्व सैनिक रॉब लॉरी, जो शरणार्थियों के लिए काम करते हैं, उनके साथ मैं 'स्कॉर्पियन' नाम से पहचाने जाने वाले शख़्स को ढूंढने और उससे सवाल करने निकली थी. स्कॉर्पियन यानी बिच्छू. उनके गैंग ने कई सालों तक नावों और लॉरी के ज़रिये इंग्लिश चैनल के पार मानव तस्करी के धंधे पर क़ब्ज़ा जमाया था. साल 2018 से अब तक नाव के जरिए इंग्लिश चैनल पार करते वक़्त 70 से ज़्यादा प्रवासियों की मौत हो चुकी है. पिछले महीने फ्रांसीसी तट पर पांच लोग मारे गए, इनमें सात साल की एक बच्ची भी थी. ये एक ख़तरनाक यात्रा है, लेकिन तस्करों के लिए ये लुभावनी हो सकती है. इंग्लिश चैनल नाव से पार कराने के लिए तस्कर हर प्रवासी से 6 हज़ार पाउंड (क़रीब 6 लाख 27 हज़ार रुपये) लेते हैं. साल 2023 में क़रीब 30 हज़ार लोगों ने इंग्लिश चैनल पार करने की कोशिश की थी. इससे आप मुनाफ़े का अंदाजा लगा सकते हैं. उत्तरी फ्रांस के एक प्रवासी कैंप में हमारी मुलाक़ात एक बच्ची से हुई थी, इसी मुलाक़ात के बाद हमारी दिलचस्पी स्कॉर्पियन में बढ़ी. वो छोटी बच्ची एक डोंगी में सवार होकर इंग्लिश चैनल पार करने की कोशिश में लगभग मरने ही वाली थी. वो डोंगी...