गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं और इस दौरान घूमना-फिरना भी खूब हो रहा है. बच्चे नानी के घर या दादी के घर जाते हैं तो बड़े इस चिलचिलाती गर्मी से राहत के लिए ठंडे और बर्फीले शहरों की सैर पर निकलते हैं. सफर में यूं तो गाने गाते-गुनगुनाते हुए बड़ा मजा आता है लेकिन हालत खराब होते देर नहीं लगती. किसी का जी मिचलाने लगता है तो किसी को पेट में दर्द और जरूरत से ज्यादा थकान होने लगती है और उल्टी (Vomiting) भी हो जाती है. ऐसे में सफर के दौरन जब भी आपको उल्टी जैसा लगे यानी जी मिचलाने लगे तो कुछ घरेलू नुस्खे आजमाकर उल्टी रोकी जा सकती है.
जी मिचलाने के घरेलू उपाय | Nausea Home Remedies
सफर के दौरान आपको भी जी मिचलाना महसूस होने लगे तो यहां बताई चीजों का सेवन किया जा सकता है. इन चीजों को आप अपने साथ सफर ?(Travelling) पर लेकर निकल सकते हैं जिससे आपको जरूरत पड़ने पर इन्हें ढूंढते ना रहना पड़े.
नींबू
जब भी जी मिचलाने लगे तो नींबू का रस चूस लें. नींबू में न्यूट्रलाइजिंग एसिड होते हैं जो जी मिचलाने की दिक्कत दूर करने में कारगर साबित होते हैं. नींबू पानी पी सकें तो वह भी अच्छा ऑप्शन साबित होगा. ध्यान रहे कि आपको हल्के गर्म पानी से नींबू पानी बनाना है और इसमें चीनी के बजाय सिर्फ नमक का इस्तेमाल करना है.
अदरक
जी मिचलाना दूर करने में अदरक का सेवन भी फायदेमंद साबित होता है. उल्टी जैसा महसूस होते ही अदरक खा लें. अदरक का छोटा टुकड़ा चबाने पर ही जी मिचलाना दूर हो जाता है. अगर गर्म पानी हो तो अदरक को इस गर्म पानी में डालें और छानकर पानी पी लें. ध्यान रहे कि अदरक कम मात्रा में ही लेना है बहुत ज्यादा नहीं.
बेकिंग सोडा
आप बस या कार से सफर करते हुए बैग में थोड़ा सा बेकिंग सोडा लेकर भी निकल सकते हैं. जब भी जी मिचलाना महसूस हो और ऐसा लगे कि उल्टी आने वाली है तब आधा चम्मच बेकिंग सोडा (Baking Soda) को एक गिलास पानी में डालकर पी जाएं. पेट को राहत मिलेगी और उल्टी आने से भी रुक जाएगी.
इलायची
मुंह को ताजगी से भर देने वाली इलायची आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर होती है और उल्टी आने से रोकने में भी मदद करती है. जी मिचलाने पर लगने लगता है कि पेट की गैस और खाना उठकर गले तक आने लगा है और खट्टी डकारें भी आने लगती हैं जिसके साथ-साथ उल्टी भी हो जाती है. ऐसे में जब भी मन खराब लगे तब इलायची के एक से 2 टुकड़े मुंह में रख लें और धीरे-धीरे चबाएं.
अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें.
No comments:
Post a Comment