देश के मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। दो छात्र संयुक्त रूप से टॉपर घोषित किए गए हैं। लड़कियों ने बाजी मारी है और सफलता के पैमाने पर लड़कों को पछाड़ दिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए इस साल तीन ट्रांसजेंडर भी इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पास करने में सफल हुए हैं।
सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश के 1.39 लाख परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र के 1.31 और राजस्थान के एक लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा पास करने में सफलता पाई है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र देश के दो सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य भी हैं। नीट परीक्षा के जरिये एमबीबीएस और बीडीएस में मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाता है।
राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (एजेंसी) ने मंगलवार को नीट के नतीजे घोषित किए। तमिलनाडु के प्रभनाजन जे और आंध्र प्रदेश के बोरा वरुण चक्रवर्ती संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे हैं। दोनों ने 99.99 परसेंटाइल (720-720 अंक) हासिल किए हैं। 7 मई को आयोजित परीक्षा में कुल 20.38 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 11.45 लाख सफल घोषित किए गए हैं। इनमें 6,55,599 छात्राएं, 4,90,374 छात्र और तीन ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment