दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांवड़ियों का कारवां बढ़ता जा रहा है। बुधवार को हाईवे से गुजरने वाले हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पैरों के छाले और लंबे सफर के बाद भी कांवड़ियों का जोश कम नहीं हो रहा। बोल बम के सहारे शिवभक्त अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। शिविरों में कुछ देर रुकने के बाद कांवड़िये लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
डीजे की धुनों पर नृत्य कर मिटाते है थकान
कांवड़ शिविर में भोले के गीतों पर कांवड़िये नृत्य कर अपनी थकान मिटा रहे है। शिविरों में रंग-बिरंगी लाइटों के साथ डीजे की व्यवस्था कराई गई है, जहां शिवभक्त जमकर नृत्य कर रहे हैं।
स्थानीय कांवड़ियों ने दाहा गांव में डाला डेरा
पुरा गांव के परशुरामेश्व महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले स्थानीय कांवड़ियों ने दाहा गांव में डेरा डाल लिया है। कांवड़िये 13 जुलाई की शाम को दाहा गांव से पुरा के लिए निकलेंगे।
शिविर में महिला और बच्चे सेवा में लगे
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लगाए गए शिविरों में पुरुष श्रद्धालुओं के साथ-साथ महिला और बच्चे भी कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए है। महिलाएं कांवड़ियों को भोजन कराने के साथ बच्चे भी उनका सहयोग कर रहे हैं।
कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर टोल फ्री किया, शिवभक्तों की सुरक्षा में तैनात किए गए टोलकर्मी
दिल्ली मेरठ हाईवे पर हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। कांवड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा होने पर बुधवार देर शाम टोल की सभी लाइनों को फ्री कर दिया गया है। इससे पहले मंगलवार को कांवड़ियों के लिए सात लाइन रिर्जव की गई थी।
टोल के महाप्रबंधक प्रदीप चौधरी ने बताया कि अभी तक कांवड़ियों के लिए सात लाइन रिर्जव की गई थी। बुधवार को हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ी। जिसके बाद टोल फ्री करने का निर्णय लिया गया। अब टोल की सभी लाइन फ्री कर दी गई है।
कांवड़ियों की सेवा के लिए टोलकर्मियों को लगाया गया है। साथ ही बूथों की सुरक्षा को लेकर भी बूथ पर टोलकर्मी तैनात किए गए है। टोल कर्मी टोल पर सफाई व्यवस्था से लेकर कांवड़ियों की सेवा में लगे रहेंगे। महाशिवरात्रि के बाद टोल को चलाया जायेगा।
No comments:
Post a Comment