देश में बारिश का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश में हालात भयावह हो चुके हैं। बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के चलते यहां अब तक 20 लोगों के मारे जाने की खबर है। बड़ी संख्या में लोग बेघर हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 40 जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। ब्यास नदी उफान पर है। इसके किनारे बनीं कई इमारतें ढह गईं। पुल भी ढह गए। यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 72 घंटों में देश के अलग-अलग राज्यों में 76 लोगों की जान चली गई। यूपी में 34, हिमाचल में 20, जम्मू-कश्मीर में 15, दिल्ली में पांच और राजस्थान और हरियाणा में एक-एक की मौत की खबर है। आइए तस्वीरों में देखते हैं देश में भारी बारिश की वजह से कितनी तबाही हुई? अब तक क्या-क्या हुआ और सरकार कैसे बचाव अभियान चला रही है?
हिमाचल प्रदेश : दो दिन में 21 मौतें, 500 से ज्यादा लोग फंसे
हिमाचल प्रदेश में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। दो दिन के भीतर 21 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को आठ और लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह उफनती नदियों और नालों में बह गए हैं। बीते 24 जून को हिमाचल पहुंचा मानसून अब तक 63 लोगों की जान ले चुका है। भूस्खलन के चलते प्रदेश में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 1239 सड़कें बाधित थीं। 2577 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। 1418 जल आपूर्ति योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। संबंधित विभाग इनकी बहाली में जुटे हैं। शिमला में सबसे ज्यादा 581, मंडी 200, चंबा 116, सिरमौर 101, हमीरपुर व लाहौल-स्पीति में 97-97 सड़कें बंद पड़ी हैं।
इसी तरह मंडी में 673, शिमला 821, सिरमौर 447, लाहौल-स्पीति 206 व किन्नौर में 261 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। वहीं, भारी बारिश के चलते श्रीखंड महादेव की पवित्र यात्रा भी स्थगित कर दी है। बीच राह में टेंटों में फंसे यात्रियों को मौसम साफ होते ही वापस लाया जाएगा। मंडी के औट में कुछ पर्यटक फंसे हैं। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। लगघाटी के फलाण में बादल फटने से 100 बीघा जमीन बह गई है। सरकारी तार स्पेन भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
सिरमौर जिले के नाहन में गिरी नदी के बीच टापू पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया। इनमें से एक व्यक्ति के बुखार से पीड़ित होने की सूचना मिलने पर हिमालय सर्वेइंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड पांवटा साहिब की मदद से ड्रोन के माध्यम से दवाएं गिराई गईं। हेलीकॉप्टर से लोगों को निकाला जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बरसात से कुल्लू और लाहौल में हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके अलावा चंद्रताल में फंसे 300 लोगों का आज सुबह 5:00 बजे से बचाव अभियान शुरू कर दिया है। पहली टीम मशीनरी के साथ लोसर से चंद्रताल के लिए रवाना हुई है, जबकि दूसरी टीम काजा से रवाना हुई। करीब 40 लोगों का बचाव दल जिसमें पंगमो और लोसर गांव के युवा के अलावा स्पीति के अन्य गांव से युवा शामिल हैं।
मनाली-लेह, कालका-शिमला, कोकसर, लोसर, काजा, चंडीगढ़-मनाली, आनी-कुल्लू, चंबा-भरमौर, ऊना-मंडी, शिमला-हाटकोटी-रोहड़ू, दारचा-शिकुंला, समदो-काजा-लोसर हाईवे पूरी तरह से बंद हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बारिश के चलते अब तक 4,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। कुल्लू-मनाली, मंडी और प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हजारों लोग फंसे हुए हैं। अधिकतर जिलों में बिजली, फोन और इंटरनेट सेवा भी ठप है। कुल्लू में बादल फटने से 100 बीघा जमीन खड्डे में बदल गई।
उत्तराखंड : चीन सीमा क्षेत्र से जोड़ने वाला पुल बहा, एम्स में भरा पानी
भारी बारिश के बाद मंगलवार सुबह उत्तराखंड में चीन सीमा क्षेत्र के जोशीमठ-मलारी हाईवे पर जुम्मा में पुल बह गया। जिस कारण सीमा क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ ही सेना के जवानों की आवाजाही भी रुक गई है। साथ ही नीति घाटी का देश से संपर्क टूट गया है।
बता दें कि नीती घाटी के उच्च हिमालय क्षेत्रों में अतिवृष्टि से जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दूर जुम्मा नाले में सोमवार को बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। नाले में मलबे के साथ भारी बोल्डर भी बहकर आए थे। एक भारी-भरकम बोल्डर जुम्मा गांव के पास स्थित मोटर ब्रिज के नीचे अटक गया था। जिससे पुल को खतरा बताया जा रहा था।
गांव के शैलेंद्र रावत ने बताया कि सोमवार शाम को साढ़े सात बजे अचानक जुम्मा नाले में भारी मात्रा में मलबे के साथ पानी बहकर आया जबकि उस दौरान क्षेत्र में कहीं बारिश नहीं हो रही थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि नाले के उद्गम क्षेत्र में अतिवृष्टि से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। रैणी गांव के पूरन सिंह ने बताया कि जुम्मा नाला बढ़ने से धौली गंगा का जलस्तर बढ़ गया है।
जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी ने बताया कि नाले में अचानक पानी बढ़ गया है। तपोवन में एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही बीआरओ के अधिकारियों को भी ब्रिज की सुरक्षा के उपाय करने के लिए कहा गया है।
दूसरी ओर, देर रात गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों के वाहन गंगनानी के समीप खड़े थे। तभी अचानक भूस्खलन हो गया और पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक टेम्पो ट्रेवल्स सहित तीन वाहनों पर गिर गया। मलबे में तीन वाहन दब गए। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। वहीं, अभी तक सात घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
मूसलाधार बारिश के कारण ऋषिकेश में हाल-बेहाल है। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भी पानी घुस गया। वार्ड में सामान तैरता नजर आया। पानी देख मरीजों के तिमारदारों में अफरा तफरी मच गई। वहीं, मरीजों व तीमारदारों को दिक्कतें उठानी पड़ी।
उत्तराखंड में लगातार जारी भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अलर्ट मोड में हैं। सोमवार शाम को वे अचानक आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और बारिश के कारण प्रदेश में मौजूदा हालातों का जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश : आज 65 जिलों में बारिश का अलर्ट, 38 लोगों की मौत
यूपी में भी बारिश ने आफत ला दी है। आज भी प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से 12 जिलों में भीषण बारिश की चेतावनी है। सोमवार को बारिश से जुड़े हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। यही नहीं, बाढ़ में फंसे अब तक 225 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। पिछले 48 घंटे में 38 लोगों की मौत हो चुकी है। सहारनपुर के बीच से होकर जाने वाली ढमोला और पांवधोई नदी उफान पर चल रही हैं। नदी का पानी लोगों के घर में घुस गया है। मुरादाबाद में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है। इसकी वजह से अलग-अगल रूट की 32 ट्रेनें कैंसिल हो गईं। सोमवार को प्रदेश में 11.50 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 2.90 मिमी. ज्यादा रही। 24 घंटों में सहारनपुर के सुंदरपुर शाकुंभरी मार्ग पर सवारियों से भरी प्राइवेट बस तेज बहाव में बह गई। ग्रामीणों की मदद से बस सवार यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। हापुड़ में मकान की छत गिरने से दो बच्चियों की दबकर मौत हो गई है। देवरिया जिले के धकपुरा गांव में सोमवार को शाम में दोस्तों के साथ खेल रहा बालक पानी से भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पंजाब : बुड्डा दरिया और जालंधर में धुस्सी बांध टूटा, कई इलाकों में भरा पानी
पंजाब में भी भारी बारिश से हालात बेकाबू हो गए हैं। लुधियाना में बुड्डा दरिया और जालंधर में धुस्सी बांध टूटने से स्थिति गंभीर बन गई है। लुधियाना में ताजपुर रोड पर बुड्डा दरिया का बांध टूटने से सड़क पर पानी आ गया। दरिया से पानी ओवरफ्लो होकर साथ लगते रिहायशी इलाकों जैसे गुरु राम दास कालोनी, सीएमसी कालोनी, गांव कक्का आदि में भरना शुरु हो गया। इलाके में 3 से 5 फीट तक पानी भर चुका है।
पटियाला की शहरी इलाकों के घरों में पांच फीट तक पानी घुसा गया है। लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई टीम नहीं पहुंच पायी। लोगों को खुद ही अपना घर छोड़ कर जाना पड़ा। चंडीगढ़ के गांव मलोया से तोगा गांव को जाने वाले रास्ते में पटियाला की राव नदी पर एक स्विफ्ट कार बह जाने से इनमें सवार तीनों लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीनों शवों को बाहर निकाल लिया है।
सुल्तानपुर लोधी के पास मंडाला में भी धुस्सी बांध टूट गया है। इससे सैकड़ों गांवों में पानी घुस गया है। सतलुज दरिया के साथ लगते जालंधर के सब डिवीजन शाहकोट में लोहियां इलाके में लक्खे दिआं छन्ना में दो जगह धुस्सी बांध टूट गया। इसी दौरान लोहियां में पानी के बहाव में फंसा एक युवक अपनी बाइक को निकालते हुए बह गया। युवक का अभी कुछ पता नहीं चला है। लोगों को रेस्क्यू करने के लिए देर रात से NDRF की टीम का ऑपरेशन जारी है।
No comments:
Post a Comment